गोंडा के परास पट्टी मझावार डीह गांव में धान के खेत

धान के खेत में दवा छिड़क रहे किसान को सांप ने काटा, मचा हड़कंप

सांप के डसते ही खेत में गिर पड़े किसान

गोंडा: तरबगंज विकासखंड क्षेत्र के परास पट्टी मझावार डीह गांव में बुधवार सुबह धान के खेत में दवा का छिड़काव कर रहे एक किसान को सांप ने काट लिया। हादसे के बाद किसान मौके पर ही गिर पड़े। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने उन्हें तत्काल संभाला और अस्पताल पहुंचाया।

तुरंत पहुंचाया गया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

गांव निवासी उदल पासवान (36) बुधवार सुबह धान के खेत में दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सांप ने उन्हें काट लिया। सांप के काटने के बाद उदल खेत में गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण सरवन कुमार पांडे और महेश पासवान ने अपने निजी वाहन से उदल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरबगंज पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

तीन घंटे तक की जाएगी किसान की निगरानी

सीएचसी तरबगंज में तैनात डॉ. निकेश सिंह ने बताया कि सांप के काटने से पीड़ित किसान को ग्रामीण अस्पताल लेकर आए हैं। उनका उपचार किया जा रहा है और फिलहाल उनकी हालत सामान्य है। मरीज को वार्ड में रखकर निगरानी की जा रही है और फ्लूइड चढ़ाया गया है। डॉ. सिंह के अनुसार, अगले दो से तीन घंटे तक किसान की निगरानी की जाएगी। अगर इस दौरान सांप के जहर से संबंधित कोई लक्षण दिखाई देता है तो उन्हें एंटी-वेनम दिया जाएगा। फिलहाल किसान की स्थिति सामान्य है। उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं है। 

ये भी पढ़ें- गंगा में रील्स बनाने के दौरान 16 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत