पुलिस मुठभेड़ में छिनैती का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
इटावा {उत्तर प्रदेश}: जीआईसी स्कूल के पास कोचिंग से घर लौट रही युवती से मोबाइल छीनने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। सिविल लाइन पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में छिनैती के आरोपी शुभी राजपूत (24), निवासी ग्राम किल्ली सुल्तानपुर, थाना बसरेहर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
कोचिंग से घर लौट रही युवती का मोबाइल छीना
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त की शाम गांधी नगर निवासी युवती बलराम सिंह चौराहे से कोचिंग पढ़कर पैदल घर लौट रही थी। जीआईसी स्कूल ग्राउंड गेट के पास बाइक सवार युवकों ने पीछे से उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। मामले में 19 अगस्त को सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
ठंडी पुलिया के पास पुलिस ने घेरा
26 अगस्त को पुलिस टीम को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी बाइक से लाइन सफारी की ओर जा रहा है। ठंडी पुलिया के पास घेराबंदी कर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
तमंचा, मोबाइल और बाइक बरामद
तलाशी में आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, लूटा गया एंड्राइड मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। पूछताछ में उसने साथी के साथ मिलकर मोबाइल छीनने की बात स्वीकार की।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं नौ मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ इटावा, मैनपुरी और फिरोजाबाद में चोरी, छिनैती और आर्म्स एक्ट समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके साथी की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन से पहले भाई की मौत, बहनों ने शव की कलाई पर बांधी राखी; बोलीं- इस बार का सरप्राइज बर्दाश्त नहीं