फतेहपुर में सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेल और 20 हजा

फतेहपुर में सोशल मीडिया से ब्लैकमेल का आरोप, 20 हजार की रंगदारी मांगने का मामला दर्ज

Social Media Blackmail and ₹20,000 Extortion Alleged in Fatehpur, Probe Underway

फतेहपुर,(उत्तर प्रदेश)। जनपद के खखरेरू कस्बे में सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से अश्लील मैसेज भेजकर ब्लैकमेल करने और 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

सोशल मीडिया पर लगातार आ रहे अश्लील और आपत्तिजनक संदेश

जानकारी के अनुसार, कस्बा खखरेरू के वार्ड नंबर-14 विजय नगर निवासी मो. शाहरुख पुत्र अब्दुल वाहिद ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है, कि "सोनम यादव" नाम की एक सोशल मीडिया आईडी से लगातार अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं। पीड़ित का कहना है, कि दो दिन पहले "खखरेरू की आवाज" नामक सोशल मीडिया आईडी से उसे नगर पंचायत खखरेरू के सभासद प्रत्याशी से जोड़ते हुए एक पोस्ट प्रकाशित की गई, जिस पर अभद्र टिप्पणियां और गाली-गलौज भी की गई।

चैट वायरल करने की धमकी

शिकायत के अनुसार, इसके बाद कथित रूप से अश्लील चैट वायरल करने की धमकी देकर 20 हजार रुपये की मांग की गई। रुपये न देने पर चैट को सोशल मीडिया पर वायरल कर उसकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का भी आरोप है कि संबंधित सोशल मीडिया आईडी से अक्सर भ्रामक पोस्ट और आपत्तिजनक सामग्री साझा की जाती है, जिससे क्षेत्र का माहौल और आपसी भाईचारा प्रभावित हो रहा है।

शिकायत के आधार पर जांच शुरू

मामले पर एसओ सत्यपाल सिंह ने बताया, कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में एक आईडी मध्य प्रदेश की एक युवती के नाम पर संचालित होने की जानकारी मिली है, जबकि दूसरी संदिग्ध आईडी की पहचान के लिए मामला साइबर सेल को भेजा गया है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ेंः कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियों का एसएसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश