बांदा में पिता की हत्या का आरोपी बेटा गिरफ्तार, पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हंसिया किया बरामद
बांदा (उत्तर प्रदेश)। जिस पिता ने बेटे को उंगली पकड़कर चलना सिखाया, उसे जिंदगी जीने का हुनर दिया और अपने खून-पसीने से पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी बेटे पर पिता की जान लेने का आरोप लगा है। घरेलू विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि घर का रिश्ता ही खून से लाल हो गया। बांदा शहर के बांधापुरवा में पिता की धारदार हथियार से हत्या करने वाले आरोपी बेटे को कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हंसिया भी बरामद कर लिया है।
पारिवारिक विवाद में पिता की धारदार हथियार से हत्या
पुलिस के मुताबिक,30 अक्टूबर 2026 को बांधापुरवा में पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी ने अपने पिता पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और इलेक्ट्रॉनिक व भौतिक साक्ष्य जुटाए। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गईं।
नवादा मोड़ के यात्री प्रतीक्षालय से देर रात गिरफ्तार हुआ आरोपी
हत्या की वारदात के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच 30 अक्टूबर की देर रात रात्रि गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नवादा मोड़ के पास बने कमरानुमा यात्री प्रतीक्षालय में दबिश दी और वहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद कर लिया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
आरोपी की पहचान नीलम पुत्र मोतीलाल, निवासी बांधापुरवा, थाना कोतवाली नगर, बांदा के रूप में हुई है। मामले में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 559/26,धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम:प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह, निरीक्षक प्रभुनाथ यादव, उपनिरीक्षक वीरेंद्र त्रिपाठी, उत्कर्ष सिंह, सुखबीर सिंह तथा कांस्टेबल हर्ष तिवारी, अश्वनी उपाध्याय, अरमान अली, सचिन कुमार और गवेंद्र सिंह थे।
यह भी पढ़ें: गया में तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवार को कुचला, 23 वर्षीय नीरज कुमार की मौत