बांदा में जमीन विवाद में बेटे ने पिता को मारी गोली, आरोपी बेटा और मामा गिरफ्तार
बांदा (उत्तर प्रदेश)। जिस बेटे को पिता ने बचपन से पाल-पोसकर बड़ा किया,उसी पर पिता को गोली मारने का आरोप लगा है। पारिवारिक और जमीन के विवाद ने रिश्तों को इस कदर तार-तार कर दिया कि पिता को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बेटे और उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया है।दोनों के कब्जे से अवैध तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है। मामला बबेरू थाना क्षेत्र के मुरवल गांव का है।
पारिवारिक और जमीन विवाद में पिता पर चलाई गोली
पुलिस के मुताबिक,गांव निवासी महादेव पुत्र रामाधार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 अक्टूबर की शाम पारिवारिक और जमीन संबंधी विवाद को लेकर उनके बेटे शिवा और साले कामता ने तमंचे से उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। लगातार तलाश में जुटी पुलिस को बीती देर रात सफलता मिली।
तुर्की तालाब के पास घेराबंदी कर पिता को गोली मारने के आरोपी गिरफ्तार
रात्रि गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गैस एजेंसी से थोड़ा आगे तुर्की तालाब के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कामता पुत्र शंकर और शिवा पुत्र महादेव निवासी मुरवल के रूप में हुई है।
बेटे और मामा के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट में कार्रवाई
पुलिस ने दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0 357/26 के तहत बीएनएस की धारा 109(1),352,45,3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में गिरफ्तारी करने वाली टीम में मुरवल चौकी प्रभारी शैलेश यादव,कांस्टेबल इंद्रजीत और कर्मवीर यादव शामिल रहे। जमीन के चंद टुकड़ों के विवाद में खून के रिश्ते ही आमने-सामने आ गए। जिस बेटे से पिता को बुढ़ापे का सहारा मिलने की उम्मीद होती है, उसी पर गोली मारने का आरोप लगना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार