सोनभद्र में मंदिर के पास पुराने कुएं में मिला युवक का शव, इलाके में मची सनसनी
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। जिले के चोपन थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोटा ग्राम पंचायत के बीच गांव में भगवान शंकर जी के मंदिर के समीप स्थित अंग्रेजों के जमाने के एक पुराने कुएं में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। कुएं से लगातार उठ रही दुर्गंध के बाद जब मंदिर में पूजा करने के लिए कुछ महिलाएं पहुँचीं, तो उन्होंने पानी में एक शव उतराया हुआ देखा।
घटना से पूरे गांव में सनसनी
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। इस वीभत्स घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान प्रह्लाद चेरो भी तत्काल मौके पर पहुँचे। उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मंदिर के पास स्थित कुएं में एक व्यक्ति का शव मिला है, जिसके बाद तुरंत प्रशासन को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को कुएं से बाहर निकालने की कार्रवाई में जुट गई।
पहचान पत्र और बैग से मिले सुराग
मौके पर मिले एक पहचान पत्र के आधार पर मृतक की शिनाख्त हर्रा गांव के एक युवक के रूप में बताई जा रही है। वहीं, घटनास्थल के पास एक पिट्टू बैग भी बरामद हुआ है, जिसे देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक शायद बाहर कहीं रहकर काम करता था और किसी त्योहार या काम के सिलसिले में अपने घर लौट रहा था। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, वह पिट्टू बैग पिछले एक-दो दिनों से उसी स्थान पर रखा हुआ देखा जा रहा था।
ग्रामीणों और समाजसेवियों ने जताई संवेदना
इस दुखद घटना पर मौके पर मौजूद समाजसेवी एवं महादेव सेना ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्भय चौधरी, ग्राम प्रधान प्रह्लाद चेरो, मुरलीधर उपाध्याय, रिंकू त्रिपाठी, सिंटू त्रिपाठी और लवकेश प्रजापति समेत कई गणमान्य लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक के शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस बात की निष्पक्ष जांच होनीआखिर युवक किन परिस्थितियों में यहां तक पहुँचा और उसकी मौत का सच क्या है। फिलहाल, युवक कुएं तक कैसे पहुँचा और उसकी मौत के पीछे की असली वजह क्या है, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः तीसरे वनडे के बाद दो गुटों में बंटेगा टीम इंडिया का कोचिंग स्टाफ, टेस्ट सीरीज की तैयारी शुरू