जलभराव प्रभावित गांवों में जायजा लेने पहुंचे एसपी और डीएम, ग्रामीणों और किसानों को राहत देने का दिया निर्देश
अमेठी: तहसील तिलोई क्षेत्र के ग्राम पूरे दूंदी में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी संजय चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने शनिवार को संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने जलभराव से प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह, उप जिलाधिकारी तिलोई अरुणिमा श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी तिलोई, तहसीलदार तिलोई सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि ग्राम पूरे दूंदी में जलभराव की समस्या की जानकारी मिलने के बाद पूर्व में उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार तिलोई को मौके पर भेजकर सर्वे कराया गया था। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को उन्होंने पुलिस अधीक्षक के साथ स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
किसी भी तरह की लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव और प्राकृतिक आपदा के कारण जिन किसानों और ग्रामीणों को नुकसान हुआ है, उसका तत्काल आकलन कराया जाए और शासन के नियमानुसार, प्रभावित लोगों को राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक प्रशासन की मदद जल्द पहुंचनी चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जल निकासी की व्यवस्था का भी लिया गया जायजा
अधिकारियों ने जल निकासी की व्यवस्था का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को ड्रेनों और नालियों की तत्काल सफाई कराने और जल निकासी के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां कहीं जल निकासी के मार्ग बंद हैं, उन्हें तत्काल साफ कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और किसानों को जलभराव से राहत मिल सके।
जरूरत पड़ने पर राहत शिविर किए जाएंगे स्थापित
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत चौकी और राहत शिविर स्थापित किया जाए। साथ ही बचाव एवं राहत कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। डीएम ने अधिकारियों को क्षेत्र की लगातार निगरानी बनाए रखने और स्थिति सामान्य होने तक नियमित रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें- नौ वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को सुनाई गई उम्र कैद की सजा