ब्राह्मण समाज में पैठ बनाने की तैयारी में जुटी SP, जनेश्वर मिश्र की जयंती पर होगा कार्यक्रम
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव को देखते हुए सभी राजनीतिक दल एक-दूसरे के वोटबैंक में सेंध लगाने की फ़िराक़ में जुट गए हैं।
जनेश्वर मिश्र की जयंती पर कार्यक्रम की तैयारी
समाजवादी पार्टी अब ब्राह्मण समाज के बीच पैठ बनाने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए जनेश्वर मिश्र की जयंती पर लखनऊ में बड़ा कार्यक्रम करने की तैयारी है।
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बैठक आज
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अखिलेश यादव आज बैठक कर रहे हैं। बैठक में आयोजन की रूपरेखा तैयार करने पर मंथन किया जाएगा।
माता प्रसाद पांडेय और सनातन पांडेय को सौंपी गई जिम्मेदारी
जनेश्वर मिश्र पार्क में प्रस्तावित कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज को विशेष संदेश देने पर मंथन होगा। इसके लिए माता प्रसाद पांडेय और सनातन पांडेय को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेशभर में ब्राह्मण सभा करने की योजना
पीडीए के साथ ब्राह्मण वोट बैंक को साधने के लिए सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक बुलाए गए हैं। आयोजन के बाद प्रदेशभर में मंडलवार ब्राह्मण सभा करने की भी योजना है।
सर्वसमाज के पीड़ितों को साथ जुड़ने का आह्वान
PDA को पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक बताने वाली समाजवादी पार्टी अब P को पीड़ित बताने लगी है। सर्वसमाज के पीड़ित लोगों को साथ जुड़ने का आह्वान कर रही है। साथ ही ब्राह्मणों की उपेक्षा का आरोप लगाने के साथ हितैषी बनने की कोशिश में है।
बीजेपी की घेराबंदी में जुटी समाजवादी पार्टी
बीजेपी लगातार दलितों और पिछड़ों को साथ लाने पर जोर दे रही है। मंत्रिमंडल विस्तार के साथ पिछड़ा आयोग के गठन समेत पार्टी के कई फैसलों को इसी घेराबंदी से जोड़कर देखा जा रहा है।