जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा की अध्यक्षता

बूंदी में एसपी सख्त, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा

Justice System

बूंदी (राजस्थान): जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा वर्ष 2026 के लिए राजस्थान पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सेल जसवीर मीणा, जिले के सभी वृत्ताधिकारी और थानाधिकारी उपस्थित रहे।

अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा

गोष्ठी में जिलेभर में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने गंभीर एवं चर्चित मामलों में अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों, शिकायतों और परिवादों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। आमजन को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक के दौरान महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए एसपी शर्मा ने महिला उत्पीड़न, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला डेस्क और बाल कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया ताकि पीड़ितों को त्वरित सहायता मिल सके।

साइबर फ्रॉड पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक ने साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया अपराध और डिजिटल फ्रॉड के मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और डिजिटल अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने पर बल दिया।

नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी

गोष्ठी में जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों और उनके नेटवर्क की पहचान कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस को और अधिक सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

यातायात नियमों की सख्ती से होगी पालना

यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट, सीट बेल्ट, नाबालिग वाहन चालकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर भी जोर दिया गया।

हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को नियमित गश्त, नाकाबंदी और अपराधियों की निगरानी को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा।

जनसुनवाई और सामुदायिक पुलिसिंग पर जोर

बैठक में जनसुनवाई, बीट प्रणाली, सामुदायिक पुलिसिंग, राजकॉप सिटीजन एप के प्रचार-प्रसार तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा की गई।

जनता का विश्वास बढ़ाना भी पुलिस का लक्ष्य

अंत में एसपी अवनीश शर्मा ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जनता में सुरक्षा, विश्वास और कानून के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़े:  कॉलेज परीक्षा देने निकली छात्रा को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत; पिता गंभीर रूप से घायल