किसानों की बिजली समस्या को लेकर धरना, सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह नजरबंद
चंदौली: अमड़ा विद्युत उपकेंद्र पर किसानों की बिजली समस्या और लगातार हो रही ट्रिपिंग के विरोध में प्रस्तावित धरने से पहले सोमवार को पुलिस-प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह 'डब्ल्यू' को उनके सैयदराजा स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया। आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि अमड़ा विद्युत उपकेंद्र परिसर को भी पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई.
शांतिपूर्ण धरना था प्रस्तावित
पूर्व विधायक मनोज सिंह 'डब्ल्यू' ने आरोप लगाया कि किसानों की समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण धरना प्रस्तावित था, लेकिन सरकार ने लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करते हुए उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल या पीएसी की तैनाती से आंदोलन नहीं रुकेगा और वह किसानों की लड़ाई हर हाल में जारी रखेंगे।
बिजली विभाग की लापरवाही से किसान झेल रहे गंभीर संकट
उन्होंने कहा कि धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में बिजली विभाग की लापरवाही से किसान गंभीर संकट झेल रहे हैं। उनके अनुसार, समाजवादी पार्टी की सरकार में सिंचाई व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नहरों के लिए स्वतंत्र फीडर बनाए गए थे, लेकिन अब उन्हीं फीडरों से गांवों की बिजली आपूर्ति भी जोड़ दी गई है, जिससे नहरों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है।
किसानों की पूरी फसल और आजीविका पर पड़ेगा असर
मनोज सिंह ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) और अवर अभियंता (जेई) से बातचीत की थी। अधिकारियों ने इसे अस्थायी व्यवस्था बताते हुए जल्द सुधार का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक स्थिति नहीं बदली। उन्होंने कहा कि अगर धान की रोपाई के समय सिंचाई प्रभावित हुई तो किसानों की पूरी फसल और आजीविका पर असर पड़ेगा।
पूर्व विधायक ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
पूर्व विधायक ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में न तो कोई नया स्वतंत्र फीडर बना और न ही नया पावर हाउस स्थापित हुआ। उन्होंने सरकार के बिजली परियोजनाओं के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर बिजली व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है।
हर हाल में उठेगी किसानों की आवाज
पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि उनके आवास को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। उन्हें बाहर निकलने से रोका जा रहा है। इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए उन्होंने कहा, फोर्स लगा लो, पीएसी लगा लो, लेकिन मनोज सिंह डरने वाला नहीं है। किसानों की आवाज हर हाल में उठेगी।
समाधान ना मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक किसानों की समस्याओं के समाधान का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उधर, प्रस्तावित धरने को देखते हुए अमड़ा विद्युत उपकेंद्र और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें- कार्ति चिदंबरम ने DMK को घेरा, परिसीमन और राम मंदिर ट्रस्ट पर उठाए सवाल