बलिया के बैरिया से सपा विधायक जयप्रकाश अंचल ने यूप

सपा विधायक जयप्रकाश अंचल का योगी सरकार पर हमला, बोले- निष्पक्ष नहीं, चोरों को बचाने में जुटी है बीजेपी

SP MLA Jay Prakash Anchal Slams Yogi Govt

बलिया {उत्तर प्रदेश}। उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद की बैरिया विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक जयप्रकाश अंचल ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और उनकी टीम को हाउस अरेस्ट किए जाने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा विधायक ने सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

'सरकार और भ्रष्टाचारी मिलकर कर रहे हैं लूट'

मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार और भ्रष्टाचारी मिलकर जनता को लूटने में लगे हैं। अंचल ने सवाल उठाया कि यदि दोषियों को सरकार का संरक्षण नहीं मिला होता, तो अब तक उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?

'रामलला के दर्शन से रोकना गलत'

कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी और हाउस अरेस्ट पर नाराजगी जताते हुए सपा विधायक ने कहा कि जो भी राजनीतिक दल इस मुद्दे को उठा रहा है, सरकार को उसकी बात सुनते हुए निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता रामलला के दर्शन करने जा रहे थे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। ऐसे में उन्हें रोकना या दर्शन पर प्रतिबंध लगाना पूरी तरह गलत है।

'चोरों और भ्रष्टाचारियों को बचा रही सरकार'

जयप्रकाश अंचल ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में निष्पक्ष होती तो अब तक दोषियों को जेल भेज दिया गया होता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निष्पक्षता में विश्वास नहीं करती और उसकी प्राथमिकता केवल चोरों और भ्रष्टाचारियों को बचाने की है।

विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर

सपा विधायक का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब प्रदेश में विपक्ष कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर लगातार सरकार पर हमला बोल रहा है और विभिन्न मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है।

यह भी पढ़े: भारत ने फिर शुरू की बांग्लादेश के लिए पर्यटक वीजा सेवा, आवेदन केंद्रों पर उमड़ी भीड़