लखनऊ में स्कूल बंद करने के विरोध में सपा का प्रदर्शन, रविदास मेहरोत्रा बोले- 2027 में 26 हजार स्कूल फिर खुलेंगे
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधा कृष्णन की जयंती एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर पाठषाला पुकारे कार्यक्रम के तहत समाजवादी पार्टी के लखनऊ से विधायक रविदास मेहरोत्रा के नेतृत्व में नरही में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
राजकीय स्कूलों को बंद करने का विरोध
इस अवसर पर लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र के हजरतगंज-नरही वार्ड में अगल-बगल स्थित राजकीय इंटर कॉलेज नरही एवं प्राथमिक विद्यालय नरही को बंद किए जाने के विरोध में दोनों विद्यालयों के बाहर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पीडीए की पाठशाला भी लगाई गई।
2027 में स्कूल खोलने का वादा
रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में 26,000 स्कूल बंद किए गए हैं, जिससे गरीब, पिछड़े, दलित, वंचित और PDA समाज के बच्चों की शिक्षा का अधिकार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और माननीय अखिलेश यादव जी प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे तो बंद किए गए सभी 26,000 स्कूलों को फिर से खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में केजी से पीजी तक सभी छात्रों की शिक्षा निशुल्क करने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि किसी गरीब बच्चे को आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न होना पड़े।
यह भी पढ़ें: शिक्षक दिवस पर अखिलेश यादव का संदेश, 26 हजार बंद स्कूलों में सपा का 'पाठशाला पुकारे' कार्यक्रम