BLO नियुक्तियों में जाति-धर्म के आधार पर भेदभाव का आरोप, सपा ने निर्वाचन अधिकारी से की निष्पक्ष जांच की मांग
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि उत्तर प्रदेश की विधानसभाओं में इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) द्वारा जाति और धर्म के आधार पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और सुपरवाइजरों की नियुक्ति की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
BLO सूची सार्वजनिक करने की मांग
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से दिए गए इस ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से संपन्न कराने के लिए, प्रदेश के सभी 1 लाख 77 हजार 516 मतदेय स्थलों पर नियुक्त BLO और सुपरवाइजरों की विधानसभावार सूची राजनीतिक दलों को तुरंत उपलब्ध कराई जाए।
जाति और धर्म के आधार पर बदलाव का आरोप
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में भाजपा सरकार में मंत्री, सांसद, विधायक एवं संगठन के पदाधिकारी के दबाव में प्रदेश की 403 विधानसभाओं में 1 लाख 77 हजार 516 मतदेय स्थलों के BLO व सुपरवाईजर जाति व धर्म के आधार पर बदले जा रहे हैं। जनपद कानपुर 214-आर्यनगर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में नियुक्त BLO व सुपरवाईजरों को जाति व धर्म के आधार पर हटाया जा रहा है। जिन्हे हटाया जा रहा है उन्हे इसकी कोई पूर्व सूचना नहीं दी जा रही है। कारण भी नहीं बताया जा रहा है, जबकि उनके स्थान पर अन्य व्यक्तियों की नियुक्ति की जा रही है।
निर्वाचन आयोग के नियमों की अनदेखी का आरोप
भारत निर्वाचन आयोग के नियम एवं निर्देश के अनुसार BLO की विधानसभावार सूची राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराने के लिए स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है। प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में नियुक्त BLO व सुपरवाईजर की सूची विधानसभावार राजनैतिक दलों को तत्काल उपलब्ध कराई जाए। (Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: डिंपल यादव का भाजपा पर हमला, लोकतंत्र, शिक्षा और राम मंदिर चढ़ावा मुद्दे पर सरकार को घेरा