उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्

अखिलेश यादव ने रायबरेली से फूंका 2027 का चुनावी बिगुल, 'PDA रथ यात्रा' के जरिए सपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन

रायबरेली में 'PDA रथ यात्रा' से सपा का शक्ति प्रदर्शन

रायबरेली: उत्तर प्रदेश की सियासत में साल 2027 के विधानसभा चुनावों का पारा अभी से हाई होने लगा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सूबे के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक तरकश का सबसे धारदार तीर- 'PDA रथ यात्रा'- को लॉन्च करने के लिए रायबरेली की जमीन को चुना है। बछरांवा टोल प्लाजा पर जैसे ही अखिलेश का काफिला पहुंचा, वहां का नज़ारा किसी राजनीतिक महासंग्राम से कम नहीं था।

समर्थकों के नारों से गूंज उठा पूरा टोल प्लाजा

​बछरांवा टोल प्लाजा पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं का हुजूम जुटना शुरू हो गया था। जैसे ही अखिलेश यादव का हाई-टेक पीडीए रथ वहां पहुंचा, हजारों की संख्या में मौजूद सपाइयों ने ऐसा जोश दिखाया कि देखते ही बनता था। हर तरफ सिर्फ और सिर्फ लाल टोपियों का समंदर नजर आ रहा था। अखिलेश यादव ने भी अपने चिर-परिचित अंदाज में रथ से बाहर आकर कभी हाथ हिलाकर तो कभी दोनों हाथ जोड़कर इस भारी-भरकम भीड़ का अभिवादन किया। समर्थकों के नारों से पूरा टोल प्लाजा गूंज उठा।

​बछरांवा से जीआईसी मैदान तक सपा का शक्ति प्रदर्शन

​बछरांवा से शुरू हुआ यह सियासी कारवां अब सीधे शहर के जीआईसी मैदान की तरफ कूच कर चुका है। जीआईसी मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है। इस महारैली के जरिए अखिलेश यादव 2027 के चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में हैं। सूत्रों की मानें तो इस जनसभा में अखिलेश यादव बीजेपी सरकार पर जमकर सियासी तीर चलाएंगे और 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के जरिए चुनावी रण का शंखनाद करेंगे। फिलहाल, रायबरेली की सड़कों पर सपा का शक्ति प्रदर्शन यह बता रहा है कि 2027 का दंगल बेहद दिलचस्प होने वाला है।

ये भी पढ़ें- कोरबा में युवक ने उठाया खौफनाक कदम, घर की छत पर फंदे से लटका मिला शव