मुरैना। जिले से भ्रष्टाचार और पुलिस-माफिया मिलीभगत

ऑडियो-वीडियो वायरल होने पर SP ने आधे थाने को किया निलंबित

ऑडियो-वीडियो वायरल होने पर SP ने आधे थाने को किया निलंबित

मुरैना। जिले से भ्रष्टाचार और पुलिस-माफिया मिलीभगत का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चिन्नोनी थाने में अवैध रेत के ट्रैक्टरों को रिश्वत लेकर छोड़ने के सबूत सामने आने के बाद, एसपी समीर सौरभ ने सख्त कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी (TI) सहित 7 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

ASI ने सबूत साझा किये

जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई तीन ऑडियो क्लिप और एक वीडियो के आधार पर की गई है। इस मामले में खुद एक ASI (असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर) ने सबूत साझा किए हैं। वायरल साक्ष्यों में दावा किया गया है कि पुलिसकर्मियों ने 50-50 हजार रुपये की अवैध वसूली कर रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को थाने से बिना कार्रवाई के छोड़ दिया।

जान को खतरे का लगाया आरोप

मामले में एक नया मोड़ तब आया जब ASI ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि उन्हें अपने ही विभाग के SI (सब-इंस्पेक्टर) और एक पूर्व विधायक से जान का खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस भ्रष्टाचार के नेटवर्क में कई बड़े नाम शामिल हैं।

​आधे थाने पर गिरी गाज

कार्रवाई की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एक झटके में लगभग पूरा थाना खाली हो गया है। थाने में कुल 15 लोगों की तैनाती थी। 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया गया है। 2 कर्मचारी पहले से छुट्टी पर थे, जिसके चलते अब थाने की सुरक्षा और कामकाज की जिम्मेदारी केवल 5 लोगों के भरोसे रह गई है।

​विभागीय जांच के आदेश

​एसपी समीर सौरभ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच (Departmental Inquiry) के आदेश दे दिए हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि रेत के अवैध परिवहन में संलिप्तता और भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर चंबल इलाके में सक्रिय रेत माफिया और सिस्टम की मिलीभगत की पोल खोल दी है।

यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/if-the-police-take-any-action-know-what-avimukteshwarananda-said/145290