खून से लिखा पीएम मोदी को पत्र, गाय को 'राष्ट्र माता' घोषित करने की मांग
वाराणसी,(उत्तर प्रदेश)। शहर में गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय पहुंचे सपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम अपने खून से पत्र लिखकर सरकार से गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
ज्ञापन देने और मांग उठाने के बावजूद सरकार ने इस दिशा में नही उठाया कोई कदम
सपा नेता जीशान अंसारी ने कहा, कि उनकी पार्टी लंबे समय से गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग करती आ रही है। उनका आरोप है, कि कई बार ज्ञापन देने और मांग उठाने के बावजूद सरकार ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। इसी के विरोध में इस बार उन्होंने खून से पत्र लिखकर अपनी मांग दोहराई है। प्रदर्शन के दौरान एक लैब टेक्नीशियन की मौजूदगी में रक्त लेकर पत्र तैयार किया गया, जिसे प्रधानमंत्री के नाम संबोधित किया गया।
आधिकारिक रूप से गाय को दी जाए राष्ट्रमाता का दर्जा
जीशान अंसारी ने आरोप लगाया, कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनावों में गाय के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया, लेकिन सत्ता में आने के बाद इस विषय पर ठोस निर्णय नहीं लिया। उन्होंने कहा, कि यदि सरकार और उसके नेता गाय को माता मानते हैं, तो उसे आधिकारिक रूप से राष्ट्र माता का दर्जा देने में कोई बाधा नहीं होनी चाहिए।
गाय के मुद्दे पर हो रही केवल राजनीतिक बयानबाजी
सपा नेता ने यह भी कहा, कि देशभर में बड़ी संख्या में लोग गाय के प्रति आस्था रखते हैं। उनका दावा है, कि गोवंश की सुरक्षा और संरक्षण के लिए प्रभावी कानून बनाए जाने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया, कि वर्तमान समय में गाय के मुद्दे पर केवल राजनीतिक बयानबाजी हो रही है, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
गाय आस्था का विषय है राजनीति का नहीं
प्रदर्शन में शामिल अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी कहा, कि गाय आस्था का विषय है और इसे राजनीतिक विवाद का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए। उनका कहना था, कि यदि सरकार गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देती है, तो इस मुद्दे पर होने वाली राजनीति भी समाप्त हो सकती है। सपा नेताओं ने बताया, कि इससे पहले भी वे इस मांग को लेकर कई बार प्रदर्शन और ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है।
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में सक्रिय महिला गैंग का पर्दाफाश, लूट प्रयास मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार