छिंदवाड़ा की आदिवासी संस्कृति अब पहुंचेगी दुनिया तक, स्पेनिश टीम ने की शूटिंग
छिंदवाड़ा (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के ग्रामीण पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलने जा रही है। इसी कड़ी में "रूरल टूरिज्म ऑफ द वर्ल्ड" नाम की एक इंटरनेशनल टेलीविजन सीरीज की शूटिंग छिंदवाड़ा के चार प्रमुख पर्यटन ग्रामों में सफलतापूर्वक पूरी की गई। स्पेन से आई एक विशेष टीम ने यहां पहुंचकर स्थानीय आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को बेहद करीब से देखा और उन्हें अपने कैमरों में कैद किया।
टीम ने इन क्षेत्रों का किया दौरा
स्पेनिश टीम ने तीन दिनों के प्रवास के दौरान छिंदवाड़ा के धूसावानी, सावरवानी, चिमटीपुर और तामिया क्षेत्र का दौरा किया। इस इंटरनेशनल सीरीज को 80 यूरोपियन देशों में प्रसारित करने की योजना है। इससे मध्य प्रदेश के ग्रामीण पर्यटन को वैश्विक मंच मिलेगा। विदेशी टीम की सुविधा और शूटिंग को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए छिंदवाड़ा में प्रशासन द्वारा समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
समृद्ध जनजातीय विरासत का हुआ फिल्मांकन
स्पेन से आए दल के सदस्यों—जुआन मार्टिनेज फ्रूटोस, एडुआर्डो निसा वाज़क्वेज और लुइस पेसेरो जाम्ब्रानो ने यहाँ की समृद्ध जनजातीय विरासत में गहरी रुचि दिखाई। टीम ने विशेष रूप से स्थानीय आदिवासी विवाह की अनूठी रस्मों और पारंपरिक तौर-तरीकों का फिल्मांकन किया। इस पूरी शूटिंग को सफल बनाने में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासन का बड़ा योगदान रहा।
बिना बाधा के पूरा हुआ शूटिंग
टूरिज्म बोर्ड के प्रतिनिधि आलोक चौबे, सुधेंद्र भारती और होम स्टे परियोजना के छिंदवाड़ा प्रभारी आरडी सिद्दीकी के विशेष सहयोग और मार्गदर्शन से इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग को बिना किसी बाधा के पूरा किया गया। छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायण के निर्देशानुसार विदेशी मेहमानों की सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/us-fitness-influencer-visits-morena-villager-after-viral-fame/204265