बिजली लाइन में स्पार्किंग से भड़की आग, डेढ़ साल की बच्ची समेत 3 मासूम जिंदा जले
सीधी। जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली और दर्दनाक खबर सामने आई है। एक कच्चे मकान में भीषण आग लगने के कारण तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में एक महज डेढ़ साल की बच्ची भी शामिल है। इस भयानक हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम का माहौल छा गया है।
बिजली लाइन में स्पार्किंग से लगी आग
जानकारी के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण बिजली की लाइन में हुई भयानक स्पार्किंग (शॉर्ट सर्किट) को बताया जा रहा है। स्पार्किंग की वजह से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते पास स्थित कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। मकान कच्चा और फूस का होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को चारों तरफ से घेर लिया।
तड़प-तड़प कर गई मासूमों की जान
जिस वक्त यह हादसा हुआ, तीनों मासूम बच्चे घर के अंदर ही मौजूद थे। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद बच्चों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल पाया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन तब तक आग सब कुछ अपनी चपेट में ले चुकी थी। घर के अंदर फंसे बच्चे बाहर नहीं निकल सके और उन्होंने तड़प-तड़प कर मौके पर ही दम तोड़ दिया।
फायर ब्रिगेड लापरवाही बरतने, देरी से पहुंचने का आरोप
घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड (दमकल विभाग) को दी गई थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम बेहद देरी से मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि अगर दमलक कर्मी समय पर पहुंच जाते, तो शायद इन मासूम बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/uttarkashi-over-6-lakh-pilgrims-in-char-dham-yatra/207746