श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए

श्रावणी मेला: गया–मधुपुर स्पेशल ट्रेन से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत

Special Shravani Mela Train Announced Between Gaya and Madhupur

लखीसराय (बिहार)। श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गया और मधुपुर के बीच विशेष श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन तिलैया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, किऊल, मननपुर, जमुई, झाझा और जसीडीह होते हुए चलेगी। इससे लखीसराय जिले सहित आसपास के हजारों कांवरियों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

चलाई जाएगी श्रावण स्पेशल ट्रेन

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 03654 गया–मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 2 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा। ट्रेन गया से शाम 5:00 बजे प्रस्थान करेगी और क्रमशः मानपुर, पैमार, वजीरगंज, तिलैया, नवादा, वारिसलीगंज, शेखपुरा, लखीसराय 8:41 बजे, किऊल 9:00 बजे, मननपुर 9:42 बजे, जमुई, झाझा तथा जसीडीह में ठहराव के बाद अगले दिन रात 2:20 बजे मधुपुर पहुंचेगी।

ट्रेन के आने जाने का समय तय

वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 03653 मधुपुर–गया श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 3 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन होगा। यह ट्रेन मधुपुर से रात 2:50 बजे रवाना होकर जसीडीह, झाझा, जमुई, किऊल सुबह 6:55 बजे, शेखपुरा, वारिसलीगंज, नवादा, तिलैया, वजीरगंज, पैमार और मानपुर होते हुए दोपहर 12:00 बजे गया पहुंचेगी।

भीड़ को देखकर चलाई जाएगी ट्रेन

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए इस विशेष ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है। इससे नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। विशेष रूप से लखीसराय, किऊल और मननपुर स्टेशन से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा, क्योंकि उन्हें अब देवघर की यात्रा के लिए अतिरिक्त साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

समय पर लें टिकट

रेल प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन के समय और आरक्षण की जानकारी प्राप्त कर लें तथा वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें। रेलवे को उम्मीद है कि श्रावणी मेला स्पेशल के संचालन से इस वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी। 

यह भी पढ़ें: रीवा में पति ने दोस्त संग पत्नी पर किया जानलेवा हमला, नदी में फेंकने के बाद दोनों गिरफ्तार