पीठ दर्द से मिलेगी राहत, सटीक इलाज के लिए SPECT-CT सुविधा शुरू
भोपाल। पीठ दर्द (Back Pain) से जूझ रहे मरीजों के लिए भोपाल एम्स से राहत भरी खबर है। न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में SPECT-CT आधारित बोन स्कैन की सुविधा शुरू की गई है। संस्थान ने अब SPECT-CT तकनीक के जरिए जांच से दर्द के असली कारणों का सटीक पता लगाया जा सकेगा।
इसलिए खास है यह तकनीक
अक्सर सामान्य एक्सरे या स्कैन में दर्द का सटीक कारण पता नहीं चल पाता। SPECT-CT एक उन्नत हाइब्रिड इमेजिंग तकनीक है जो 'फंक्शनल' (कार्यप्रणाली) और 'एनाटॉमिकल' (शारीरिक संरचना) दोनों तरह की जानकारी एक साथ देती है। इससे डॉक्टर यह देख पाते हैं कि समस्या हड्डी में है, डिस्क में, या किसी छिपे हुए संक्रमण के कारण।
समस्याओं में मिलेगी मदद
आजकल की जीवनशैली में पीठ दर्द एक जटिल समस्या बन गया है। यह नई सुविधा रीढ़ की हड्डी और डिस्क की पुरानी बीमारियाँ, सैक्रोइलिएक जोड़ (Sacroiliac joint) में सूजन या गठिया, जिसे सामान्य जांच में पकड़ना मुश्किल होता है, हड्डियों का कैंसर या गंभीर संक्रमण और कूल्हे और रीढ़ के जोड़ों से जुड़ी जटिलताएं में बेहद कारगर होगी।
मरीजों को यह मिलेगा लाभ
बीमारी का सही कारण पता चलने से गलत इलाज और बेवजह की दवाओं से बचाव होगा। सही समय पर सही बीमारी की पहचान होने से मरीजों को जल्दी राहत मिलेगी। मध्य प्रदेश के सरकारी संस्थानों में इस तरह की उन्नत तकनीक उपलब्ध होने से गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को निजी अस्पतालों के महंगे खर्च से राहत मिलेगी।
इसके साथ एम्स भोपाल के डॉक्टरों का कहना है कि इस मशीन के आने से अब पीठ दर्द के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण संभव होगा, जिससे मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/congress-releases-list-of-candidates-for-west-bengal-assembly-elections/152818