रायबरेली में तेज रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकराई पल्सर; युवक की मौत, साथी गंभीर घायल
रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भदोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमालपुर नानकारी ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार पल्सर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया और शव को कब्जे में ले लिया।
ओवरब्रिज पर हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के हथगाम थाना क्षेत्र के मऊपारा गांव निवासी उत्तम सिंह पुत्र रवींद्र सिंह अपने एक अज्ञात साथी के साथ पल्सर मोटरसाइकिल से रायबरेली की ओर से प्रयागराज जा रहे थे। दोपहर करीब 1:15 बजे जैसे ही वे जमालपुर नानकारी ओवरब्रिज पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
मौके पर युवक की मौत, साथी की हालत गंभीर
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक उत्तम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही भदोखर थाना प्रभारी राकेश चंद्र आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
भदोखर थाना प्रभारी राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कराया गया। मृतक के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़े: गरड़दा बांध हत्याकांड बना डबल मर्डर, चार दिन बाद दूसरे घायल की भी मौत; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस