जगदीशपुर में तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराकर गड्ढे

अमेठी में तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरी, 4 यात्री घायल

Speeding Bus Falls Into Ditch in Amethi, 4 Injured

अमेठी {उत्तर प्रदेश}: जगदीशपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। बीती रात जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के रायबरेली-अयोध्या मार्ग पर मंगौली गांव के पास अयोध्या से रायबरेली जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा घुसी। हादसे में चार यात्री घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

तेज रफ्तार में थी बस

जानकारी के अनुसार निजी बस संख्या यूपी 44 बीटी 7105 अयोध्या से रायबरेली की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज गति में थी। मंगौली गांव के पास अचानक चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा। बस पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। तेज टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला

हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जगदीशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल सीएचसी जगदीशपुर भेजवाया।

चार यात्री घायल, हालत खतरे से बाहर

चिकित्सकों के अनुसार चार यात्रियों को चोटें आई हैं, लेकिन सभी की हालत स्थिर और खतरे से बाहर है। वहीं, कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र यादव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

तेज रफ्तार पर नियंत्रण की मांग

स्थानीय लोगों ने मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।

यह भी पढ़े: जंगल में छिपाकर रखे थे अवैध हथियार, सर्च ऑपरेशन में खुला बड़ा राज