NH-44 पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, नरसिंहपुर में महिला की मौत और दो घायल
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)। नरसिंहपुर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 (NH-44) पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जहा करेली के शिफानी ढाबा के पास एक तेज रफ्तार से आ रही अज्ञात कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार तीन लोग सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पति और रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया हैं। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
गंगाजली कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी अनुसार करेली थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ेसुर निवासी 53 वर्षीय लखन सिंह ठाकुर अपनी पत्नी तुलसा बाई ठाकुर 50 वर्ष और अपने साढ़ू भाई रामेश्वर ठाकुर के साथ बाइक से ग्राम कचवा में आयोजित गंगाजली कार्यक्रम में शामिल होने शनिवार को गए हुए थे, जहां से वह देर शाम के समय तीनों कार्यक्रम से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक करेली स्थित शिफानी ढाबा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर पहुंची तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान महिला की मौत, दो घायलों का उपचार जारी
सूचना मिलते ही पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत करेली के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान तुलसा बाई ठाकुर की हालत बेहद गंभीर बताई ओर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल नरसिंहपुर रेफर किया गया। जिला अस्पताल नरसिंहपुर में डॉक्टरों ने महिला का इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। देर रात उपचार के दौरान तुलसा बाई ठाकुर ने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल लखन सिंह ठाकुर और रामेश्वर ठाकुर का इलाज जारी है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
फरार कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
वही घटना के बाद स्थानीय पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है एवं घटनास्थल सहित आसपास इलाकों में लगे हुए सीसीटीवी कैमरो की छानबीन कर रही है ताकि टक्कर मारने वाली कर का पता लगाया जा सके और आगे की कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें: झालावाड़ में हेमराज गैंग का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, 10 माह से फरार आरोपी पर था ₹10 हजार का इनाम