तेज रफ्तार कार का कहर, सड़क पार कर रही बुजुर्ग महिला की मौत
डिंडौरी {मध्य प्रदेश}: डिंडौरी जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिट एंड रन की दर्दनाक घटना में एक 60 वर्षीय वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित फरार हो गया। हालांकि, कुछ दूरी पर समनापुर तिराहे के पास चालक कार छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, धनुआसागर निवासी करीब 60 वर्षीय मीरा बाई अपने रिश्तेदार के घर घानाघाट गांव ऑटो से पहुंची थीं। जैसे ही वह ऑटो से उतरकर सड़क पार करने लगीं, तभी जबलपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक लग्जरी कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
कार छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय कार लेकर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना और पुलिस की सक्रियता के बाद पता चला कि चालक समनापुर तिराहे के पास कार छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की तेज गति लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से घानाघाट क्षेत्र में गति नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम और लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वाहन के पंजीयन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ हिट एंड रन सहित संबंधित धाराओं में सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, वृद्ध महिला की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है और पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है।
यह भी पढ़े: झांसी में वर्दी पर सवाल! नशे में धुत दरोगा का कथित वीडियो वायरल