राजगढ़ में तेज रफ्तार कार तालाब में गिरी, 5 लोगों की मौत
राजगढ़,(मध्यप्रदेश)। जिले के खुजनेर थाना भीलखेड़ी जोड़ के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (MP09 CC 6414) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों की मौत की खबर सामने आई है।
सभी पांच लोगों की मौत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर रस्सी से बाहर निकालकर तत्काल खुजनेर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल मे डॉक्टरों ने पहले 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक व्यक्ति में हल्की सांसें चलने के कारण उसे सीपीआर दिया गया, हालांकि, उसे भी बचाया नही जा सका।
कार सीधे तालाब में जा गिरी
पुलिस के मुताबिक, कार सीधे तालाब में गिर गई थी। आशंका है कि, कार के शीशे बंद थे और दरवाजे लॉक हो जाने के कारण सवार बाहर नही निकल सके, जिससे सभी की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त का प्रयास जारी है।
जेब से मिले दस्तावेज से की जा रही पहचान
जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर कुछ लोगों के अरनिया खुर्द और अवंतीपुर बड़ोदिया, मोहन बड़ोदिया, हताईखेड़ा निवासी होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस परिजन से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। साथ ही, पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
कार के बंद शीशे खुल नही पाए, लॉक भी नही खुला
प्रारंभिक जांच के अनुसार, माना जा रहा है कि कार सीधे गहरे तालाब मे जा गिरी । संभावना है कि, पानी में गिरते ही कार के दरवाजे लॉक हो गए हों या पानी का दबाव बढ़ने से उन्हें खोलना संभव नहीं हो सका हो। वहीं, शीशे के कारण कार सवार समय रहते बाहर नही निकल सके। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार, सड़क की स्थिति या अन्य कोई तकनीकी कारण तो जिम्मेदार नही था। हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और तकनीकी परीक्षण के बाद ही हो सकेगा।
यह भी पढ़ेंः मयार नदी पर पुल नहीं, हर बारिश में कटता है जीर गांव का संपर्क