रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुंशीगंज

तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, 19 वर्षीय युवक की मौत, दूसरा गंभीर

Speeding Dumper Kills 19-Year-Old Biker, Another Critically Injured

रायबरेली: रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुंशीगंज-डलमऊ मार्ग पर मंगलवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लल्ली ढाबा के पास तेज रफ्तार डंपर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

डंपर की टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक नीचे दबे

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मिश्रन का पुरवा मजरे सुलखियापुर गांव निवासी दीपेश (19) पुत्र बृजभान और मनीष (17) पुत्र कन्हैयालाल मंगलवार शाम करीब छह बजे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुंशीगंज-डलमऊ मार्ग पर लल्ली ढाबा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक समेत डंपर के नीचे फंस गए।

एक युवक की मौत, दूसरा एम्स में भर्ती

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को बाहर निकलवाया। हादसे में दीपेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष को आनन-फानन में इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया।

युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

दीपेश की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर मार्ग पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। डंपर में फंसी बाइक को बाहर निकालने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक

मौके पर पहुंचे भदोखर थाना प्रभारी राकेशचंद्र आनंद ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि, काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और यातायात सुचारू रूप से बहाल करवाया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

भदोखर थाना प्रभारी राकेशचंद्र आनंद ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है और पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: गरबा-डांडिया की धूम के बीच तेज साउंड से लोग परेशान, बोले- हमारी परेशानी भी समझिए