रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर काल बनी पिकअप; विपरीत दिशा से आकर बाइक में मारी टक्कर, युवक की गई जान
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर मिलएरिया थाना क्षेत्र के बरवारीपुर के पास मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
अनियंत्रित पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर
अमेठी जनपद के फुरसतगंज थाना क्षेत्र के कोहइया गांव निवासी अखिलेश (35) पुत्र बालकरण मंगलवार को किसी काम से रायबरेली आया था। रात करीब नौ बजे वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह मिलएरिया थाना क्षेत्र में रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर बरवारीपुर के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
जोरदार टक्कर से अखिलेश की गई जान
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अखिलेश बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरा और लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक पिकअप लेकर मौके से भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों की सूचना पर मिलएरिया थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से फरार पिकअप और उसके चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें: बलिया में पैमाइश के नाम पर ₹5 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार