उमरिया के नेशनल हाईवे-43 पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्

उमरिया में तेज रफ्तार ट्रक ने तूफान वाहन को मारी टक्कर, चालक गंभीर घायल

Speeding Truck Hits SUV on NH-43 in Umaria, Driver Seriously Injured

उमरिया,(मध्य प्रदेश)। जिले में रविवार को नेशनल हाईवे-43 पर हुए सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिविल लाइन चौकी क्षेत्र के भंगहा चौराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे तूफान वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी, कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसकी छत उखड़कर सड़क पर जा गिरी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार कटनी जिले के मुडगुड़ी निवासी मनोज यादव अपने तूफान वाहन (क्रमांक MP 20 TA 1269) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भंगहा चौराहे के समीप सामने से आए एक अनियंत्रित ट्रक ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई।

हादसे में चालक मनोज यादव गंभीर रूप से घायल

हादसे में चालक मनोज यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ में गहरी चोट आई है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। समय रहते राहत दल के पहुंचने से घायल को शीघ्र चिकित्सा सहायता मिल सकी।

घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू

दुर्घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन और चालक का जल्द पता लगाया जा सके।

वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और नियमित निगरानी की मांग

पुलिस का कहना है, कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का भी खुलासा हो सकेगा। वहीं, इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। 

यह भी पढ़ें: शादी में फर्जी माता-पिता बनाकर ठगी का आरोप, दुल्हन नकदी और जेवर लेकर फरार