जौनपुर में तेज रफ्तार XUV का कहर, एक की मौत और एक गंभीर घायल
जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। खेतासराय थाना क्षेत्र के गुरैनी बाजार स्थित सुम्बुलपुर मोड़ पर गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जौनपुर शहर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित महिंद्रा XUV कार ने सड़क किनारे खड़ी चार मोटरसाइकिलों और एक स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बाजार में चीख-पुकार गूंज उठी।
कार की चपेट में आए दो लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय सड़क किनारे बाइक पर बैठे करन बिंद और एक अन्य व्यक्ति कार की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल में एक की मौत, दूसरे का इलाज जारी
सूचना मिलते ही खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने करन बिंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वाहन क्षतिग्रस्त, चालक हिरासत में
हादसे में चार मोटरसाइकिलें और एक स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। वहीं XUV चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। तेज रफ्तार ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया, जबकि एक अन्य जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
यह भी पढ़ें: सुल्तानपुर में पुलिस की कार्रवाई, गैर जमानती वारंट पर चार आरोपी गिरफ्तार