सहारनपुर में कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित और व्य

कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियों का एसएसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

SSP Reviews Kanwar Yatra 2026 Preparations, Issues Strict Security Directives

सहारनपुर,(उत्तर प्रदेश)। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन ने जनपद के संपूर्ण कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, संबंधित क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान एसएसपी अभिनंदन ने बड़कला बॉर्डर, काली नदी चौकी बॉर्डर, गागलहेड़ी, देहरादून चौक, घंटाघर, अंबाला रोड, शाहजहांपुर चौकी और सरसावा बॉर्डर तक पूरे कांवड़ मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, पार्किंग स्थल, डायवर्जन प्लान और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को दिए निर्देश

एसएसपी अभिनंदन ने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर लगातार पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए और यातायात व्यवस्था को इस प्रकार संचालित किया जाए कि श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी निगरानी, बैरिकेडिंग को मजबूत करने तथा सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने पर जोर

इसके अलावा बिजली, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने पर भी जोर दिया। पुलिस प्रशासन के अनुसार कांवड़ यात्रा को लेकर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि लाखों शिवभक्त सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण में अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

यह भी पढ़ेंः झालावाड़ अस्पताल में दुर्लभ प्रसव, महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म