नवग्रह मंदिर में कलश वितरण के दौरान भगदड़, बुजुर्ग महिला की मौत
ग्लालियर। जिले के डबरा में नवग्रह मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कलश यात्रा से पहले कलश बांटे जा रहे थे। कलश लेने के लिए उमड़ी भारी भीड़ अचानक बेकाबू हो गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची सहित 8 लोग घायल हो गए।
मृतक 70 वर्षीय रति साहू, बच्ची समेत 8 घायल
जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान 70 वर्षीय रति साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कलश वितरण के दौरान महिलाएं आगे बढ़ने लगीं और भीड़ के दबाव में कुछ लोग गिर पड़े। इसी दौरान कई महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं, जिससे कुचलने की स्थिति बन गई। हादसे में घायल लोगों को तुरंत डबरा सिविल अस्पताल ले जाया गया। घायलों में एक बच्ची भी शामिल है। डॉक्टरों के अनुसार, एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज डबरा में चल रहा है।
कार्यक्रम के आयोजक थे पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा
कार्यक्रम पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के आयोजन में हो रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। आयोजकों से भी इस संबंध में जानकारी ली जा रही है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/mp-extends-family-pension-benefit-to-nps-employees/140299