शाजापुर में बुजुर्ग महिला की चोरी हुई सोने की चेन 3 दिन में बरामद
शाजापुर (मध्य प्रदेश)। के अकोदिया पुलिस ने बुजुर्ग महिला के पर्स से चोरी हुई करीब 2.50 लाख रुपए कीमत की सोने की चेन महज तीन दिन में बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर भोपाल के ईरानी डेरे तक तलाश की। पुलिस को देखकर एक संदिग्ध अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर फरार हो गया। पीछा करने के दौरान उसके द्वारा फेंकी गई पीले रंग की पॉलिथीन से चोरी की सोने की चेन बरामद हुई।
करीब 2.50 लाख की 22 ग्राम की पुरानी सोने की चेन गायब
पुलिस के अनुसार 2 सितंबर को दिनेश पिता बंशीलाल सोनी निवासी अकोदिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी 82 वर्षीय मां कमला बाई, जो लकवे से पीड़ित हैं, फोटोकॉपी दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान दो व्यक्ति 500 रुपए के छुट्टे कराने के बहाने दुकान पर आए। दोनों ने महिला से पैसे निकालने में मदद करने की बात कही और इसी दौरान पर्स से रुपए निकाल लिए। दोनों के जाने के बाद कमला बाई ने पर्स देखा तो उसमें रखी 22 ग्राम की पुरानी सोने की चेन गायब थी। इसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 182/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
जांच में सामने आया घटना में थे चार संदिग्ध
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देश और एसडीओपी शुजालपुर निमेष देशमुख के निर्देशन में टीम गठित की गई। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध नजर आए। जांच में सामने आया कि चार संदिग्ध दो बाइक से आए थे, जिनमें से दो दुकान के अंदर गए थे।
चोरी की चेन बरामद कर पंचों के समक्ष जब्त
फुटेज जिले के विभिन्न थानों और आसपास के जिलों में प्रसारित किए गए। मुखबिर से मिले इनपुट पर पुलिस को संदिग्धों के भोपाल स्थित ईरानी डेरे में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से तलाश शुरू की। इसी दौरान फुटेज के हुलिए से मिलता-जुलता व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा और पीछा करने पर पॉलिथीन फेंककर फरार हो गया। पॉलिथीन से चोरी की चेन बरामद कर पंचों के समक्ष जब्त की गई।
सीसीटीवी से पहचान
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान अकरम पिता बलीयत अली और मोहसीन, निवासी रेलवे स्टेशन ईरानी डेरा भोपाल के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़ेंः उज्जैन में मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान चाकू लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार