बहराइच के रामगांव थाना क्षेत्र के बालुवापुर गांव म

बहराइच में आवारा कुत्ते का छह वर्षीय बच्चे पर हमला, बचाने पहुंचे पिता भी घायल

Stray Dog Attacks Six-Year-Old in Bahraich

बहराइच {उत्तर प्रदेश}: बहराइच के रामगांव थाना क्षेत्र के बालुवापुर गांव में शनिवार शाम आवारा कुत्ते ने छह वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर उसे बचाने पहुंचे पिता पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद कुत्ता मौके से भाग गया। जानकारी के अनुसार, रामगांव थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद अहमद शनिवार को अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटे के साथ बालुवापुर स्थित अपनी ससुराल आए थे। शाम को उनका बेटा घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ते ने बच्चे पर हमला कर दिया।

बच्चे को बचाने पहुंचे पिता पर भी हमला

बच्चे की चीख सुनकर पिता मोहम्मद अहमद उसे बचाने दौड़े, लेकिन कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डंडे लेकर कुत्ते को खदेड़ा। इसके बाद कुत्ता बच्चे को छोड़कर भाग गया।

बच्चे की जांघ पर गंभीर घाव

कुत्ते के हमले में बच्चे की जांघ पर गंभीर घाव हो गए, जबकि उसके पिता भी घायल हुए हैं। परिजन दोनों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बच्चे का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

आवारा कुत्तों को लेकर ग्रामीणों में दहशत

घटना के बाद गांव में आवारा कुत्तों को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने गांव में घूम रहे आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए संबंधित विभाग से कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें: युवाओं से जुड़ाव बढ़ाने पर भाजपा की बैठक, 45 युवा नेताओं ने दिए सुझाव