सहारनपुर में आवारा कुत्तों के हमले में 11 वर्षीय प

सहारनपुर में आवारा कुत्तों ने 11 वर्षीय मासूम की ली जान

आवारा कुत्तों ने 11 वर्षीय मासूम की ली जान

सहारनपुर: जिले के थाना नागल क्षेत्र के गांव बेलड़ा जुनारदार में आवारा कुत्तों का आतंक एक मासूम बच्चे की जान पर भारी पड़ गया। शुक्रवार शाम घर से खेलने निकले 11 वर्षीय प्रियांशु का शव आज सुबह गांव के पास खेत में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि आवारा कुत्ते बच्चे को खींचकर गांव के पास जंगल की ओर ले गए और वहां उस पर हमला कर बुरी तरह नोच-नोच मार डाला। मासूम की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

खेलने निकले 11 वर्षीय प्रियांशु का खेत में मिला शव

जानकारी के अनुसार, गांव बेलड़ा जुनारदार निवासी रविंदर का 11 वर्षीय बेटा प्रियांशु शुक्रवार शाम करीब पांच बजे घर से खेलने के लिए निकला था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने गांव के आसपास खेतों और अन्य स्थानों पर बच्चे को तलाशा। देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बच्चे के लापता होने की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई गई। इसके बाद आज सुबह गांव के पास एक खेत में प्रियांशु का शव पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि कुत्तों के हमले में बच्चे की दर्दनाक मौत हुई है। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से कुत्तों को पकड़ने की मांग की

सूचना मिलने पर थाना नागल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि प्रियांशु तीन भाइयों में सबसे बड़ा था जो गांव के ही एक स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता था। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। दो दिन पहले भी कुत्तों ने आरव और सोनू नाम के दो बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था और अब 11 वर्षीय प्रियांशु की मौत ने ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़वाने और गांव में बच्चों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। 

ये भी पढ़ें- पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, बिजली विभाग की लापरवाही की जांच की मांग