सावन में शिव दर्शन को निकले छात्र की दर्दनाक मौत, टैंकर ने कुचला
इटावा {उत्तर प्रदेश}: सावन के पावन महीने में भगवान शिव के दर्शन की आस्था लेकर घर से निकला जसवंतनगर का होनहार बेटा हमेशा के लिए अपनों से बिछड़ गया। कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। 20 वर्षीय वंश वर्मा, जो पीएसआईटी कॉलेज में बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र था, अपने साथियों के साथ पैदल शिव मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
तेज रफ्तार टैंकर ने मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग भी सिहर उठे। दुर्घटना के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और टैंकर को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
वंश की मौत से परिवार में मचा कोहराम
वंश की मौत की खबर जैसे ही जसवंतनगर स्थित उसके घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मोहल्ले में भी मातम पसरा हुआ है। कॉलेज के छात्र, शिक्षक और मित्र भी इस असमय मौत से स्तब्ध हैं। सबसे भावुक पल तब आया जब वंश के रूम पार्टनर ने बिलखते हुए कहा, "आंटी को क्या मुंह दिखाऊंगा... हम साथ आए थे, लेकिन अब वंश हमारे बीच नहीं है।" यह शब्द सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सावन में शिव भक्ति की राह पर निकले एक होनहार छात्र की दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। अब परिवार को सिर्फ इंसाफ का इंतजार है और पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
यह भी पढ़े: बिजली के पोल से टकराया डीजल टैंकर, आग में जिंदा जले 3 लोग