रिसियप थाना क्षेत्र में दोस्ताना होटल के पास आज शन

एडमिट कार्ड लेने जा रहे छात्र को कार ने मारी टक्कर, युवक ने जताई हत्या की आशंका

Student Hit by Car, Alleges Murder Attempt

औरंगाबाद (बिहार)। रिसियप थाना क्षेत्र में दोस्ताना होटल के पास आज शनिवार को एक कार चालक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डायल 112 वाहन की टीम ने इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद युवक को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

एडमिट कार्ड लेने जाते वक्त हुआ हादसा

घायल युवक की पहचान चिल्हियावा निवासी कृष्ण यादव के पुत्र अजीत कुमार के रूप में हुई है। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान अजीत ने बताया कि वह बीए-2 के एग्जाम का एडमिट कार्ड निकलवाने के लिए गांव से साइबर कैफे जा रहा था। तभी एक कार ने उसे टक्कर मार दी। उसने इसे महज एक हादसा नहीं बल्कि इसे सोची समझी साजिश के तहत उसकी हत्या का प्रयास बताया। उसने अपने गांव के ही कुछ लोगों पर इसका आरोप भी लगाया।

पुरानी रंजिश को बताया हमले की वजह

अजीत ने बताया कि होली के समय कुछ लोगों के साथ उसका झड़प हुआ था और उक्त लोगों के द्वारा घर में घुसकर उसकी एवं परिवार के अन्य सदस्यों की पिटाई की गई थी। यहां तक कि आरोपियों के द्वारा उसके भाभी पर डायन का आरोप भी लगाया गया और जान से मारने की धमकी तक दी गई। जिसकी प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने उक्त लोगों पर ही आरोप लगाया कि यह कार्य उन्हीं के द्वारा किया गया है। ताकि उसकी हत्या कर उसे हादसे का रूप दिया जा सके। अजीत ने एक बार फिर पुलिस पदाधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें: माउंट आबू पालिका एक्शन मोड में, सड़क पर कचरा फैलाने वाले दुकानदारों से लगवाई झाड़ू