मुरैना के सबलगढ़ में छात्रों के बीच सड़क पर जमकर मारपीट, वायरल वीडियो के बाद पुलिस जांच में जुटी
मुरैना (मध्य प्रदेश)। सबलगढ़ थाना क्षेत्र के रानीपुरा रोड पर छात्रों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। सड़क पर खुलेआम हुई इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुट गई है।
बाइक हटाने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बाइक हटाने को लेकर शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
मारपीट का विडियो वायरल
वीडियो में कई युवक एक-दूसरे से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और राहगीरों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं।
विडियो की सहायता से युवकों की पहचान की प्रक्रिया चालू
सबलगढ़ थाना पुलिस का कहना है, कि वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित युवकों की पहचान की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त होती है अथवा जांच में अपराध के पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं, तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह भी कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। इससे क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है।
यह भी पढ़ेंः जौनपुर में किन्नरों के दो गुटों में हिंसक झड़प, पथराव में एक घायल