सीहोर : वीआईटी कॉलेज के 4 हजार छात्रों का हंगामा
Madhya Pradesh : सीहोर। यहां के वीआईटी कॉलेज में 4 हजार छात्रों ने हंगामा कर दिया। मंगलवार रात कालेज परिसर में जमकर तोड़फोड़ और आजगनी की गई। इसके साथ बस में भी आग लगा दी गई। एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ की गई। हालात इतने बिगड़ गये कि पांच थानों के पुलिसकर्मी को बुलाना पड़ा।
मालूम हो कि यह वीआईटी कॉलेज आष्ट्रा में है। छात्रों ने यहां भोजन औऱ पानी की खराब गुणवत्ता को लेकर यह हंगामा किया। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में घटिया खाना और निम्नस्तरीय पानी के कारण कई छात्रों को पीलिया हो गया है। कुछ की तो मौत हो गई है। 100 छात्र आष्टा, सीहोर और भोपाल के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।
छात्रों ने शिकायत की कि जब उन्होंने अव्यवस्था का विरोध किया तो होस्टल के वार्डन और गार्ड ने उनके साथ मारपीट की। चुप रहने के लिए दबाव बनाया गया। विश्वविद्यालय से बात करने पर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इससे छात्रों का गुस्सा और भड़क गया। अव्यवस्था पर जब सुनवाई नहीं हुई तो करीब 4000 छात्र कॉलेज परिसर में जमा हो गये।
छात्रों ने एक बस और एक एंबुलेंस में तोड़फोड़ किया। इसके साथ ही हास्टल की खिड़कियों के शीशे, आरओ प्लांट और अन्य चीजों को नुकसान पहुंचाया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा :
मामला बिगड़ने पर और घटना की सूचना पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, एसडीओपी आष्टा, जावर पार्वती, कोतवाली और मंडी थानों से बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस ने छात्रों से बातचीत की और शांत कराया।
30 तक छुट्टी, छात्र जा रहे घर
एसपी दीपक शुक्ला ने कहा, स्थिति अभी सामान्य है। वीआईटी कॉलेज में 30 नवंबर तक अवकाश घोषित किया गया है। कुछ बच्चे अपने घर जा रहे हैं। इस बीच हास्टल की समस्या का आवेदन और सभी बीमार बच्चों की जानकारी एसडीएम औऱ एसडीओपी लेंगे।
समस्या पर प्रबंधन से चर्चा का आश्वासन
इस बीच प्रशासन ने छात्रों की समस्या और उसके समाधान के लिए प्रबंधन से चर्चा का आश्वासन दिया है। एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। एसडीओपी आकाश अमलकर ने बताया कि अभी स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पर्याप्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। साथ ही स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/election-commission-writes-to-kolkata-police-commissioner/98849