डिंडौरी के कनेरी रैयत गांव में पक्की सड़क की मांग

डिंडौरी में पक्की सड़क बनाने की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, शहपुरा-मेहदवानी मार्ग जाम

पक्की सड़क की मांग पर छात्रों का प्रदर्शन

डिंडौरी: जिले के मेहदवानी इलाके में सड़क की बदहाली और लंबे समय से पक्की सड़क की मांग पूरी नहीं होने से परेशान स्कूली बच्चों का गुस्सा अब सड़क पर उतर आया है। ग्राम पंचायत सारंगपुर के पोषक गांव कनेरी रैयत में सड़क की मांग को लेकर स्कूली छात्रों ने शहपुरा-मेहदवानी मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। छात्र सड़क पर बैठकर अपनी मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके चलते मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

पक्की सड़क के अभाव में ग्रामीण परेशान

दरअसल, कनेरी रैयत गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से आवागमन की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में परेशानी और भी बढ़ जाती है। ग्रामीणों के मुताबिक सड़क की खराब स्थिति के चलते गांव तक एंबुलेंस सहित अन्य जरूरी वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ती है, जिन्हें रोजाना इसी बदहाल रास्ते से स्कूल पहुंचना और वापस घर लौटना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार आवेदन और निवेदन किया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। 

सड़क की मांग को लेकर छात्रों का चक्का जाम

ग्रामीणों को हर बार आश्वासन मिला, लेकिन सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ती गई। इसी नाराजगी के चलते अब स्कूली छात्रों ने खुद मोर्चा संभाल लिया और मुख्य सड़क पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी सड़क की समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक उनकी परेशानी खत्म नहीं होगी। चक्का जाम की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस के मौके पर पहुंचकर छात्रों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर मार्ग खुलवाने के प्रयास किए जाने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि वर्षों पुरानी सड़क की मांग पर जिम्मेदार विभाग कब तक ठोस कदम उठाता है। 

ये भी पढ़ें- बांदा के सोहन हलवे का विदेशों में बढ़ा क्रेज, ट्रेड शो में पूरा स्टॉक बिका