शिक्षकों की कमी से नाराज छात्रों ने सड़क पर उतरकर शिक्षा विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन
बलरामपुर: जिले की शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर अब स्कूली बच्चों का आक्रोश खुलकर सड़क पर दिखाई देने लगा है। हायर सेकेंडरी स्कूल मूरकौल में शिक्षकों की कमी और लंबे समय से पढ़ाई प्रभावित होने से नाराज छात्र सड़क पर उतर आए और जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
शिक्षकों की कमी से नाराज छात्रों ने किया प्रदर्शन
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि स्कूल में शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कई बार जिला शिक्षा अधिकारी से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। छात्रों का कहना है कि शिक्षकों के अभाव में नियमित पढ़ाई नहीं हो पा रही है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को कई बार दी गई जानकारी
बताया जा रहा है कि विद्यालय के प्राचार्य द्वारा भी स्कूल में शिक्षकों की कमी और अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था प्रभावित होने की जानकारी कई बार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को दी गई। इसके बावजूद अब तक शिक्षकों की व्यवस्था नहीं किए जाने से छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है।
शिक्षकों की कमी पर छात्रों ने उठाए शिक्षा व्यवस्था पर सवाल
पढ़ाई छोड़कर सड़क पर उतरे छात्रों ने सवाल उठाया कि आखिर उनकी शिक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? छात्रों का कहना है कि एक ओर शासन बेहतर शिक्षा व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का दावा करता है, वहीं दूसरी ओर मूरकौल जैसे स्कूलों में शिक्षक नहीं होने के कारण बच्चों को पढ़ाई से वंचित होना पड़ रहा है।
जिला शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
छात्रों के सड़क पर उतरने के बाद अब जिला शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बड़ा सवाल यह है कि प्राचार्य की लगातार सूचना और छात्रों की मांग के बावजूद आखिर शिक्षा विभाग ने अब तक शिक्षक की व्यवस्था क्यों नहीं की? मूरकौल हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों का यह प्रदर्शन शिक्षा विभाग के लिए चेतावनी माना जा रहा है। अगर जल्द ही शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो छात्रों का आंदोलन और उग्र हो सकता है।
ये भी पढ़ें- मछली शहर पहुंचे चंद्रशेखर आजाद, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत