जनकपुरी में खुले गड्ढे में गिरकर युवक की मौत, सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति गिरफ्तार
नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गहरे गड्ढे में बाइक सवार युवक की गिरने से हुई मौत मामले में पुलिस ने शनिवार को सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सब-कॉन्ट्रैक्टर को रात में ही हादसे की जानकारी दी गई थी लेकिन उसने बाइक सवार की मदद के लिए कुछ नहीं किया।
एक परिवार ने सिक्योरिटी गार्ड को दी थी जानकारी
पुलिस जांच में पता चला कि जब 25 वर्षीय कमल गड्ढे में गिरा, तब एक परिवार वहां से गुजर रहा था। परिवार ने वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड को इसकी जानकारी दी। इसके बाद रात 12:22 बजे सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को सूचना दी गई। पुलिस ने बताया कि राजेश मौके पर आया लेकिन उसने गड्ढे की जांच नहीं की।
दुर्घटनास्थल पर नहीं लगा था कोई चेतावनी संकेत, रिफ्लेक्टर या बैरिकेड
यह घटना जनकपुरी के B3B ब्लॉक के पास, प्रोफेसर जोगिंदर सिंह मार्ग पर आंध्र स्कूल के पास हुई। FIR के मुताबिक, मौके पर कोई चेतावनी संकेत, रिफ्लेक्टर, बैरिकेड या उचित रोशनी की व्यवस्था नहीं की गई थी और न ही वहां कोई सिक्योरिटी गार्ड तैनात था। गड्ढे को बिना किसी सुरक्षा उपाय के सार्वजनिक सड़क के बीच में खुला छोड़ दिया गया था।
फायर ब्रिगेड की मदद से घायल युवक को निकाला बाहर
जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो युवक अपनी बाइक के साथ लगभग 20 फीट लंबा, 13 फीट चौड़ा और लगभग 14 फीट गहरा गड्ढे में पड़ा मिला। घायल युवक को फायर ब्रिगेड की मदद से गड्ढे से बाहर निकाला गया और PCR वैन से दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल ने PCR द्वारा लाए गए मरीज को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/pappu-yadav-hospitalised-after-arrest-in-1995-land-dispute-case/132336