सुलतानपुर के घरवासपुर गांव में खेत की सुरक्षा के ल

सुलतानपुर में झटका मशीन की तार की चपेट में आई 4 साल की बच्ची, मौत से मचा कोहराम

Sultanpur: 4-Year-Old Girl Dies After Electric Fence Shock (representational image)

सुलतानपुर (उत्तर प्रदेश)। लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के घरवासपुर गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। खेत में फसल की सुरक्षा के लिए लगाई गई झटका मशीन की तार की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

फसल बचाने के लिए लगाए गए तार की चपेट में आई साजिया

परिजनों के अनुसार घरवासपुर निवासी किसान मुरारी पांडेय के खेत में जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए झटका मशीन लगाई गई थी। खेत में मशीन से जुड़ी तार करीब 50 मीटर की दूरी तक लगी थी। शनिवार को इमरान की चार वर्षीय बेटी साजिया घर के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते वह खेत की ओर पहुंच गई और मशीन के तार की चपेट में आ गई। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गई।

बच्ची की मौत के बाद पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन बच्ची को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी धीरज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

साजिया की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल, जांच में जुटी पुलिस

साजिया की मौत से उसकी मां रुबीना का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक साजिया तीन बहनों में दूसरी थी। उसकी एक बड़ी बहन की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में अब डेढ़ वर्ष की एक छोटी बेटी ही बची है। पुलिस के अनुसार, पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े:   अमेठी में 14 वर्षीय छात्रा की सांप के काटने से मौत, नाना के घर रहकर कर रही थी पढ़ाई