सुलतानपुर में चोरी के दौरान प्रिंसिपल दंपती की हत्या, दो गिरफ्तार
सुलतानपुर (उत्तर प्रदेश)। कादीपुर थाना क्षेत्र के कुंभी डडिया गांव में आठ दिन पूर्व हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित फावड़ा व कुल्हाड़ी, 34,960 रुपये, मृतका का आधार कार्ड और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।
प्रिंसिपल दंपती की हत्या
28/29 सितंबर की रात कुंभी डडिया स्थित मनराजी शिक्षण संस्थान में प्रिंसिपल मुकेश कुमार सिंह (53) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (47) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई अखिलेश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने मंगलवार दोपहर करीब 1:15 बजे कादीपुर के बुढ़ाना पुल के पास बड़ी नहर पुलिया से करीब 50 मीटर पूर्व दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
चोरी की साजिश, दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंभी डडिया निवासी राकेश कुमार यादव (36) और आशीष यादव उर्फ डब्लू यादव (26) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार राकेश शिक्षण संस्थान में बस चलाने के साथ कंप्यूटर पढ़ाता था। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उसने अपने पड़ोसी और पट्टीदार आशीष के साथ मिलकर संस्थान में चोरी की योजना बनाई। राकेश को स्कूल, कार्यालय और सीसीटीवी कैमरों की पूरी जानकारी थी।
पहचान के डर से दंपती की हत्या
28 सितंबर की रात दोनों चोरी करने पहुंचे। अलमारी का लॉकर खोलते समय विनीता सिंह ने उन्हें देख लिया और विरोध किया। पहचान उजागर होने के डर से राकेश ने फावड़े से विनीता पर वार कर दिया। इसके बाद मुकेश सिंह को भागते देख दोनों ने पीछा कर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी भी हत्या कर दी। आरोपी नकदी, मोबाइल और आधार कार्ड लेकर फरार हो गए। पुलिस ने राकेश से 18,220 और आशीष से 16,740 रुपये बरामद किए हैं। साथ ही दोनों के खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: संत कारू बाबा मंदिर में विवाद के बाद ताबड़तोड़ गोलीबारी, महंत समेत कई गिरफ्तार