सुल्तानपुर में गन्ने के खेत में मिला 55 वर्षीय व्यक्ति का शव, चार दिन से था लापता
सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)। दोस्तपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन के पास पसिया पारा में गन्ने के खेत से एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कोहरा गांव निवासी बखेडू गौढ़ (55) पुत्र स्वर्गीय राम आधार के रूप में हुई है। वह गांव-गांव जाकर आयुर्वेदिक दवाओं की सप्लाई करते थे। उनके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
चार दिन से लापता बखेडू का गन्ने के खेत में मिला शव
जानकारी के अनुसार, बखेडू चार दिन पहले घर से खाना खाने के बाद साइकिल लेकर निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह पसिया पारा में दानपति यादव के गन्ने के खेत में उनका शव मिलने की सूचना मिली। शव के पास उनकी साइकिल नहीं मिली और उनके एक पैर में चप्पल भी नहीं थी। मृतक की बेटी अंशिका ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
मौके से शराब की बोतल और गिलास मिले
शव मिलने की सूचना पर सीओ कादीपुर विनय गौतम, दोस्तपुर थानाध्यक्ष नारद मुनि सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से अंग्रेजी शराब की बोतल और कुछ गिलास मिले हैं। बताया जा रहा है कि बखेडू शराब पीने के आदी थे और अक्सर घर से गायब रहते थे। घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर शराब की दुकान भी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
बखेडू की आठ बेटियां और एक बेटा है। छह बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो अविवाहित हैं। उनका 22 वर्षीय बेटा सुमित मुंबई में मजदूरी करता है। घटना के बाद पत्नी सावित्री देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ विनय गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में नशे की हालत में दुर्घटना होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढे़ं: जौनपुर में कच्ची दीवार गिरने से भैंस और पड़वे की मौत, पशुपालक ने मांगा मुआवजा