सुलतानपुर में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ

सुलतानपुर में मादक पदार्थ तस्करों से पुलिस की मुठभेड़ में दो घायल और तीन गिरफ्तार, 5 करोड़ का माल बरामद

Sultanpur Police Encounter: Two Drug Smugglers Injured, Three Arrested

सुलतानपुर (उत्तर प्रदेश)। अखंडनगर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और नशे के सौदागरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गोली लगने से घायल कर दिया, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 1 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पदार्थ, दो तमंचे, खोखा व जिंदा कारतूस तथा बलेनो और वरना कार बरामद की गई हैं। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है।

बड़ी खेप की सूचना पर सहजनपुर अंडरपास में पुलिस की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला एक गैंग बड़ी खेप लेकर डिलीवरी के लिए जाने वाला है। सूचना के आधार पर अखंडनगर पुलिस ने सहजनपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। सुबह करीब 4:30 बजे दो संदिग्ध कारें बलेनो और वरना आती दिखाई दीं। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, दो तस्कर घायल

आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल आरोपियों की पहचान खुर्शीद आलम निवासी जैतपुर, जनपद बलरामपुर तथा प्रशांत सिंह निवासी थाना बल्दीराय, जनपद सुलतानपुर के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अखंडनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

तीन साथी गिरफ्तार, 1.8 किलो मादक पदार्थ और हथियार बरामद

पुलिस ने मौके से इनके तीन साथियों रोहित तिवारी, अंकुर प्रजापति और रामबाबू को भी गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से करीब 1.8 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसे आरोपियों ने मॉर्फिन बताया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि मादक पदार्थ ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई किया जाता था। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय कुमार के अनुसार मामले में तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

यह भी पढ़े:   विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर लखनऊ में मौन पदयात्रा, सीएम योगी करेंगे नेतृत्व