बिहार के सुपौल में लौकहा पुलिस ने बरुआरी गांव में

सुपौल में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, कफ सिरप-स्मैक और लोडेड पिस्टल के साथ 5 गिरफ्तार

Supaul Police Arrest Accused, Seize Cough Syrup, Smack, Liquor and Pistol

सुपौल (बिहार)। जिले के लौकहा थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर बरुआरी गांव में छापेमारी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 193 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप, 15 ग्राम स्मैक, नकदी और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं एक आरोपित के पास से पांच गोलियों से लोडेड पिस्टल भी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने एक घर में छापेमारी कर शराब, स्मैक, कारतूस और नकदी बरामद की। इस दौरान एक अन्य आरोपित को भी गिरफ्तार किया गया। 

थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी

इस प्रकार मामले में कुल पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लौकहा थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में सशस्त्र बलों ने सूचना के आधार पर बरुआरी गांव में एक फूस की झोपड़ी में छापेमारी की। इस दौरान गुड्डू सिंह, निवासी वार्ड संख्या आठ, कैलाश कुमार, निवासी वार्ड संख्या छह, बॉबी कुमार सिंह, निवासी वार्ड संख्या पांच और राजा सिंह, निवासी बरुआरी को गिरफ्तार किया गया। 

193 बोतल कफ सिरप, 15 ग्राम स्मैक और पांच गोलियों से लोडेड पिस्टल बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने 100 एमएल की कुल 193 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप, 15 ग्राम स्मैक, सात हजार रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की। इसके अलावा गुड्डू सिंह के पास से पांच गोलियों से लोडेड एक पिस्टल भी मिली। पुलिस ने बरामद सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया।

गुड्डू सिंह की निशानदेही पर घर में छापेमारी

गिरफ्तारी के बाद गुड्डू सिंह की निशानदेही पर उसके घर में छापेमारी की गई। वहां से 750 एमएल की छह बोतल अंग्रेजी शराब, 100 एमएल की 17 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप, 15 लीटर देसी चुलाई शराब, 60 ग्राम स्मैक, 12 बोर के दो जिंदा कारतूस और 6,350 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने अजय सिंह के पुत्र सुमन कुमार, निवासी बरुआरी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर थाना लाया है। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें:   बिजनौर में गोल चक्कर पर तार से भरा टैंकर पलटा, हाथरस निवासी युवक की मौत