कुरकुरे दिलाने के बहाने 9 साल की बच्ची को ले गया संदिग्ध, मां स्टेशन पर करती रही इंतजार
मिर्जापुर: ट्रेन में सफ़र के दौरान बच्ची को लेकर फरार हुए संदिग्ध व्यक्ति के सीसीटीवी फुटेज में कैद होने के बाद जीआरपी पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। बता दें जिले के संतनगर थाना क्षेत्र स्थित कमलापुर ओबराडीह गांव निवासी आशा देवी दिल्ली जाने के लिए घर से निकली थी। मिर्ज़ापुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर वह आगे बढ़ी थी कि तभी मिर्ज़ापुर से ही सवार हुआ एक व्यक्ति ट्रेन के सफर के दौरान उनसे घुल-मिल गया।
कुरकुरे दिलाने के बहाने 9 साल की बच्ची को ले गया अज्ञात शख्स
अज्ञात व्यक्ति ने प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर "बेटी को कुरकुरे दिलाकर लाता हूं" कहकर नौ वर्षीय मासूम को अपने साथ ले गया और फिर वापस नहीं लौटा। देखते ही देखते कुछ मिनटों का इंतजार घंटों की बेचैनी में बदल गया। मां स्टेशन पर अपनी बेटी को खोजती रही, लेकिन मासूम का कहीं पता नहीं चला।
CCTV फुटेज से संदिग्ध की पहचान
इस मामले में पीड़ित मां की तहरीर पर जीआरपी प्रयागराज में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। बताया जा रहा है कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस की टीमें बच्ची को सकुशल बरामद करने और आरोपी तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हैं।
दिल्ली जाने की बात कहकर बढ़ाई जान-पहचान
घटना 08 सितंबर 2026 की बताई जा रही है। मड़िहान थाना क्षेत्र की रहने वाली आशा देवी अपनी नौ वर्षीय बेटी और मुंह बोले भाई अनुज के साथ दिल्ली जाने के लिए घर से निकली थीं। प्रयागराज से आगे की यात्रा के लिए वह मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पहुंचीं। यहीं उनकी मुलाकात एक अजनबी व्यक्ति से हुई। उसने भी खुद को दिल्ली जाने वाला बताया। एक ही मंजिल की बात सुनकर सामान्य यात्री की तरह बातचीत शुरू हुई और परिवार को उस समय उस पर किसी तरह का संदेह नहीं हुआ।
पुलिस को शिकायत देते
पीड़ित मां की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, उस व्यक्ति ने भी उनके साथ टिकट लिया। शाम करीब छह बजे सभी ट्रेन से प्रयागराज के लिए रवाना हुए। कुछ घंटों का यह साथ धीरे-धीरे विश्वास में बदलता गया। किसी को अंदाजा नहीं था कि यही भरोसा आगे चलकर परिवार के लिए इतनी बड़ी परेशानी का कारण बन जाएगा। प्रयागराज रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद करीब साढ़े सात बजे शाम आरोपी ने मासूम से कुरकुरे दिलाने की बात कही और उसे अपने साथ लेकर चला गया। मां को लगा कि वह बच्ची को कुछ खाने का सामान दिलाकर कुछ ही मिनट में वापस आ जायेगा, लेकिन वापस नहीं लौटा।
ये भी पढ़ें- सुलतानपुर में बैंक कर्मचारियों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, बैंक सेवाएं प्रभावित