सिंगरौली में धान के खेत के पास मिला 29 वर्षीय ऑटो चालक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। जिले के खुटार चौकी क्षेत्र अंतर्गत चितरवईकला गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर से महज 50 मीटर की दूरी पर एक धान के खेत के किनारे 29 वर्षीय ऑटो चालक का शव संदेहास्पद परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान अतुल शर्मा पिता चितरवईकला निवासी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही समूचे गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।
कुछ समय में ही घर लौटने का किया था वादा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतुल शर्मा रोज की तरह अपना ऑटो चलाकर आजीविका कमाता था। परिजनों ने बताया कि देर रात उनकी अतुल से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान अतुल ने परिजनों को आश्वासन दिया था कि वह कुछ ही समय में घर लौट आएगा। हालांकि, काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजन चिंतित हो गए।
ग्रामीणों ने सुबह धान के खेत में देखा शव
रातभर उसकी खोजबीन की कोशिश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह जब ग्रामीण खेत की तरफ गए, तो उन्होंने अतुल का शव धान के खेत के पास पड़ा देखा और तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचित किया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है। परिजनों का कहना है कि उनका पूर्व से ही पारिवारिक विवाद चला आ रहा था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
शव का पंचनामा तैयार कर उसे कब्जे में ले लिया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और खुटार चौकी प्रभारी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग कायम कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम (पीएम) रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयानों और पुरानी रंजिश के पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हर संभावित कोण से तफ्तीश कर रही है।
यह भी पढ़ेंः सिंगरौली के एनटीपीसी संयंत्र में कार्य के दौरान श्रमिक की अचानक मौत, परिजनों ने किया हंगामा