रिको ग्रोथ सेंटर में चाय की दुकान के पीछे नाले में

रिको ग्रोथ सेंटर में युवक की संदिग्ध मौत,हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

Suspicious Death of Young Man at RIICO Growth Centre Sparks Murder Fears

सिरोही (राजस्थान)। आबूरोड रीको थाना क्षेत्र के मावल ग्रोथ सेंटर स्थित रोड नंबर 12 पर बीती शाम चाय की दुकान के पीछे खुले नाले में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार युवक चाय की थड़ी से घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद परिजन और आसपास के ग्रामीण उसकी तलाश में मौके पर पहुंचे।

चाय की दुकान के पीछे खुले नाले में मिला शव

तलाश के दौरान युवक चाय की दुकान के पीछे खुले नाले में मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

मृतक के सिर और गले पर चोट के निशान

पुलिस ने मृतक की पहचान वासड़ा निवासी शक्ति सिंह लादूराम राजपूत के रूप में की है। रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत ने बताया कि मृतक के सिर और गले पर चोट के निशान होने की आशंका है, जिसके चलते प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की 

मृतक के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टीम गठित कर संदिग्ध आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या की आशंका के चलते एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।

पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भी आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को मामले में हरसंभव कार्रवाई और सहयोग का आश्वासन दिया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। 

यह भी पढ़ेंः दोस्तों के साथ बांध घूमने गए युवक की नहाते समय गहरे पानी में डूबने से मौत