रायबरेली में स्वाइन फ्लू का प्रकोप, 24 घंटे में मिले 11 नए मरीज; कुल आंकड़ा 14 पहुंचा
रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: जनपद में स्वाइन फ्लू (H1N1) का संक्रमण तेजी से पांव पसारने लगा है। बीते 24 घंटे के भीतर जिले में एक साथ 11 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। इन नए मामलों के सामने आने के बाद जिले में कुल सक्रिय स्वाइन फ्लू रोगियों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।
सदर तहसील में सबसे ज्यादा मामले
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार स्वाइन फ्लू का सबसे अधिक असर सदर तहसील क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। यहां से लगातार नए मामले सामने आ रहे हैं। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें गांव-गांव पहुंचकर घर-घर जाकर लोगों की जांच-पड़ताल कर रही हैं और संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों के सैंपल ले रही हैं।
सरकारी दफ्तरों में भी जांच तेज
संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए विभाग अब प्रशासनिक और सरकारी कार्यालयों पर भी ध्यान केंद्रित कर रहा है। जिला स्तरीय दफ्तरों में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की भी नियमित जांच कराई जा रही है, ताकि समय रहते संक्रमितों की पहचान की जा सके और वायरस को फैलने से रोका जा सके।
पैनिक न हों, जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव: प्रभारी सीएमओ
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि विभाग हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि जनता को घबराने या पैनिक होने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। स्वाइन फ्लू से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम सतर्कता और जागरूकता है। लक्षण दिखने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें और डॉक्टर की सलाह पर ही दवा लें।
स्वाइन फ्लू से बचाव के उपाय
- तेज बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ होने पर जांच जरूर कराएं।
- भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और मास्क का प्रयोग करें।
- हाथों को बार-बार साबुन और पानी से साफ करें।
- लक्षण महसूस होने पर खुद को आइसोलेट करें और तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाएं।
यह भी पढ़ें: बहराइच में चैन स्नैचिंग का खुलासा, मुठभेड़ में शातिर बदमाश के पैर में लगी गोली; गिरफ्तार